बटद्रवा थान में ड्रेस कोड उल्लंघन पर असहज हुए मुख्यमंत्री
नगांव (असम), 03 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा बटद्रवा थान में उस समय असहज हो गए, जब उनके एक अंगरक्षक ने निर्धारित पारंपरिक वेशभूषा के बजाय पैंट-शर्ट पहनकर परिसर में प्रवेश किया।
मुख्यमंत्री के बटद्रवा थान पहुंचते ही यह घटना सामने आई। जैसे ही अंगरक्षक आधुनिक परिधान में थान के अंदर गये, मुख्यमंत्री ने तत्काल इस पर आपत्ति जताई। धार्मिक स्थल की परंपराओं और मर्यादाओं के उल्लंघन को लेकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।
बताया गया है कि मुख्यमंत्री ने मौके पर ही संबंधित अंगरक्षक को फटकार लगाई और उसे परिसर से बाहर जाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों की गरिमा और परंपराओं का सम्मान किया जाना अनिवार्य है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में घोषणा की थी कि थान में प्रवेश के लिए पारंपरिक परिधान अनिवार्य रहेगा, ताकि असम की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्थाओं की मर्यादा बनी रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

