home page

नुमलीगढ़ के बाढ़ राहत शिविर पहुंचे मुख्यमंत्री सरमा, राहत कार्यों का लिया जायजा

 | 
नुमलीगढ़ के बाढ़ राहत शिविर पहुंचे मुख्यमंत्री सरमा, राहत कार्यों का लिया जायजा


गुवाहाटी, 23 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को बोकाखात के नुमलीगढ़ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्थापित बाढ़ राहत शिविर का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया और जिला प्रशासन व संबंधित विभागों को प्रभावित लोगों की सभी जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री अजंता नेओग और अतुल बोरा भी मौजूद रहे।

इस राहत शिविर में वर्तमान में कुल 182 लोग रह रहे हैं, जिनमें 75 पुरुष, 107 महिलाएं तथा 22 किशोर-किशोरियां शामिल हैं। शिविर में विशेष देखभाल की आवश्यकता वाले चार शिशु, चार स्तनपान कराने वाली माताएं, तीन गर्भवती महिलाएं और एक दिव्यांग व्यक्ति भी हैं। आपातकालीन सहायता के लिए शिविर का हेल्पलाइन नंबर 9101458671 जारी किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बोकाखात और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ से हुए नुकसान का भी जायजा लिया तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सह-जिला आयुक्त, राजस्व चक्र अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को राहत वितरण और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश