home page

असम में भाजपा की ऐतिहासिक तीसरी लगातार जीत पर मुख्यमंत्री डॉ. सरमा का आभार

 | 
असम में भाजपा की ऐतिहासिक तीसरी लगातार जीत पर मुख्यमंत्री डॉ. सरमा का आभार


गुवाहाटी, 04 मई, (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को राज्य विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक जनादेश मिलने पर प्रदेश की जनता के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

राज्य भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में सरमा ने असम की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनता द्वारा जताए गए अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश विकास, प्रगति, सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा और जनसशक्तिकरण के प्रति जनता की मजबूत स्वीकृति को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने इस जीत का श्रेय भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व, जिसमें पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हैं, के मार्गदर्शन तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को भी दिया।

डॉ. सरमा ने कहा कि यह प्रचंड जनादेश बराक घाटी से लेकर ब्रह्मपुत्र घाटी और ऊपरी असम से निचले असम तक के लोगों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह जीत महिला सशक्तिकरण, समावेशी विकास और असम की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान की सुरक्षा के प्रति जनसमर्थन को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि असम को देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल करने के लिए प्रयासों को और तेज किया जाएगा तथा सभी नागरिकों के लिए सुरक्षित और विकसित भविष्य सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने एक बार फिर जनता को उनके अपार समर्थन और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद् दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश