गौरव गोगोई पर मुख्यमंत्री सरमा का तीखा हमला, बोले— ‘पाकिस्तान में नामांकन करते तो ज्यादा वोट मिलते’
गोलाघाट (असम), 23 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष तथा सांसद गौरव गोगोई पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अगर उन्होंने भारत की बजाय पाकिस्तान में नामांकन पत्र दाखिल किया होता तो उन्हें अधिक वोट मिलते।
गोलाघाट में मंत्री अतुल बोरा के नामांकन जुलूस के दौरान विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “पाकिस्तान के एजेंटों को वहीं चुनाव लड़ना चाहिए, भारत में नहीं।”
अतुल बोरा के नामांकन जुलूस में भारी जनसमूह उमड़ा और पूरे क्षेत्र में समर्थकों की बड़ी भागीदारी देखी गई। आगामी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया।
इससे पहले, अतुल बोरा ने सुबह बोकाखात के पूर्व ज्योतिपुर नामघर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और उसके बाद नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए रवाना हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

