युवाओं की शक्ति आत्मनिर्भर असम की सबसे बड़ी ताकत: मुख्यमंत्री हिमंत
गुवाहाटी, 17 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को कहा कि राज्य के युवाओं की आंखों में वह केवल सपने नहीं देखते, बल्कि एक नए असम की संभावनाएं देखते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने पैरों पर खड़े होने, अपना उद्यम स्थापित करने और अन्य लोगों को भी रोजगार देने के साहस के लिए सरकार लगातार प्रोत्साहित करना चाहती है।
खानापाड़ा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान एक विशेष पहल के रूप में शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रथम और द्वितीय चरण के तहत 82,219 युवा उद्यमियों को 278 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
डॉ. सरमा ने कहा कि उन्हें इस विशेष अवसर का हिस्सा बनकर प्रसन्नता हुई। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की युवा शक्ति ही आत्मनिर्भर असम के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री ने युवा उद्यमियों से आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि असम सरकार उनके साथ खड़ी है और उन्हें निरंतर सहयोग प्रदान करती रहेगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

