गायक केशब महंत की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री सरमा ने दी श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 31 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को प्रख्यात असमिया कवि, गीतकार और साहित्यकार केशब महंत की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि केशब महंत ने अपनी सृजनात्मक प्रतिभा से असमिया साहित्य और संगीत को एक नई ऊंचाई प्रदान की। उनकी रचनाएं, जो प्रकृति और मानवीय संवेदनाओं से ओतप्रोत हैं, आज भी लोगों के दिलों को छूती हैं।
उन्होंने कहा कि महंत के गीतों और कविताओं की समृद्ध विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। असमिया समाज उनके अमूल्य योगदान को सदैव सम्मान और कृतज्ञता के साथ स्मरण करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने महान साहित्यकार को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी कृतियां असम की सांस्कृतिक धरोहर का अभिन्न हिस्सा बनी रहेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

