मुख्यमंत्री सरमा ने कहा हीरेन गोहाईं ‘कांग्रेस समर्थक’, भाजपा में असंतोष से किया इनकार
गुवाहाटी, 23 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा प्रख्यात बुद्धिजीवी डॉ. हिरेन गोहाईं पर तीखा हमला करते हुए उन्हें स्पष्ट रूप से “कांग्रेसी” बताया। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही गोहाईं लगातार उनका विरोध करते आ रहे हैं।
बाजपेयी भवन में भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक के बाद बीती रात मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सम्मिलित नागरिक मंच’ को ‘सम्मिलित कांग्रेस मंच’ के रूप में नामित किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मंच परोक्ष रूप से कांग्रेस के समर्थन में काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने शिवसागर के राजनीतिक परिदृश्य पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां की जनता सत्तारूढ़ दल के एक प्रतिनिधि की अपेक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा शिवसागर में उम्मीदवार उतारेगी या नहीं, इस पर सहयोगी दल असम गण परिषद (अगप) के साथ बातचीत के बाद निर्णय लिया जाएगा।
भाजपा के भीतर असंतोष की खबरों को खारिज करते हुए सरमा ने कहा कि एक-दो व्यक्तियों को छोड़कर पार्टी में कोई खास असंतोष नहीं है। उन्होंने बताया कि अमिय भुइयां को भाजपा की राज्य समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
मीडिया में चल रही खबरों का खंडन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निहार रंजन दास समेत अन्य नेताओं में किसी प्रकार की नाराजगी नहीं है और चुनाव से पहले भाजपा पूरी तरह एकजुट है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

