महावीर जयंती पर मुख्यमंत्री सरमा ने दी शुभकामनाएं, करुणामय समाज के निर्माण का आह्वान
गुवाहाटी, 31 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को महावीर जयंती के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भगवान महावीर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि भगवान महावीर द्वारा दिखाए गए करुणा, अहिंसा और आत्मसंयम के मार्ग पर चलकर एक विकसित, शांतिपूर्ण और मानवीय समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से इन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह भगवान महावीर के जीवन और संदेश के आधार रहे हैं, जो आज भी मानवता को सही दिशा प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्याग, संयम, प्रेम और करुणा का उनका मार्ग आज भी प्रासंगिक है और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। इस अवसर पर उन्होंने सभी देशवासियों को महावीर जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

