चुनाव 26: बिजनी में भाजपा प्रत्याशी अरूप डे के समर्थन में मुख्यमंत्री का चुनावी प्रचार, गोलकगंज की जनता को टेलीफोन से किया संबोधित
गुवाहाटी, 28 मार्च (हि.स.)। आसन्न असम विधानसभा चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बिजनी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी अरूप डे के समर्थन में प्रचार अभियान को तेज कर दिया है। हालांकि प्रतिकूल मौसम के कारण वे आज गोलकगंज में आयोजित पहली जनसभा में शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने टेलीफोन के माध्यम से वहां की जनता को संबोधित कर अपनी बात रखी।
मुख्यमंत्री को आज गोलकगंज में एक जनसभा को संबोधित करना था, लेकिन खराब मौसम के चलते उनका कार्यक्रम प्रभावित हुआ। इसके बावजूद उन्होंने डिजिटल माध्यम का सहारा लेते हुए फोन के जरिए लोगों से संपर्क किया और भाजपा के पक्ष में समर्थन की अपील की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने गोलकगंज के मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी अरूप डे को भारी मतों से विजयी बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और इन योजनाओं की निरंतरता बनाए रखने के लिए भाजपा को पुनः समर्थन देना आवश्यक है।
सभा स्थल पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खराब मौसम के बावजूद उत्साह बनाए रखा और मुख्यमंत्री के संदेश को ध्यानपूर्वक सुना। स्थानीय भाजपा नेताओं ने भी क्षेत्र में पार्टी की जीत को लेकर विश्वास जताया।
आगामी दिनों में चुनाव नजदीक आने के साथ ही क्षेत्र में प्रचार अभियान और तेज होने की संभावना है, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

