home page

जोरहाट में जिला आयुक्त सम्मेलन का आज दूसरा दिन, विकास और प्रशासनिक मुद्दों पर होगी चर्चा

 | 
जोरहाट में जिला आयुक्त सम्मेलन का आज दूसरा दिन, विकास और प्रशासनिक मुद्दों पर होगी चर्चा


जोरहाट (असम), 14 सितंबर (हि.स.)। असम में पहली बार जोरहाट में आयोजित जिला आयुक्त सम्मेलन का सोमवार को दूसरा दिन है। सम्मेलन में राज्य के विभिन्न जिलों में चल रहे विकास कार्यों, प्रशासनिक मामलों और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा जिला आयुक्तों के साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं।

रविवार को सम्मेलन का पहला दिन दोपहर 2 बजे शुरू हुआ और देर रात 12 बजे तक चला। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के जिला आयुक्तों के साथ विकास योजनाओं की प्रगति, प्रशासनिक व्यवस्था तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उन्होंने रविवार शाम 5.30 बजे नई दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद अपनी कार्ययात्रा शुरू की और रात करीब 11.30 बजे जोरहाट पहुंचकर जिला आयुक्त सम्मेलन के पहले दिन का समापन किया।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दूसरे दिन पूरे दिन विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत, विकसित और आत्मनिर्भर असम के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जनसेवा का कार्य निरंतर जारी रहेगा। सम्मेलन के समापन के बाद इसके महत्वपूर्ण निष्कर्षों और विषयों की जानकारी जनता के साथ साझा की जाएगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश