मेघालय में वांगला महोत्सव के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री सरमा
- वांगला महोत्सव भारत की ज्ञान परंपरा और सभ्यतागत विरासत का अनमोल प्रतिबिंब : मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 12 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा गुरुवार को मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स जिले के गारो हेरिटेज विलेज में आयोजित गारो समुदाय के प्रसिद्ध वांगला महोत्सव के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने गारो समुदाय के पारंपरिक नृत्यों का आनंद लिया और पारंपरिक तरीके से चावल की मदिरा तैयार करने की विधि की भी सराहना की।
गारो समुदाय का प्रमुख फसल उत्सव वांगला महोत्सव अच्छी फसल के लिए परमात्मा के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक है। इसे लोकप्रिय रूप से '100 ड्रम महोत्सव' के नाम से भी जाना जाता है। स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर कलाकारों ने मुख्यमंत्री के सामने 1,000 ढोलों के साथ भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। चार दिवसीय यह महोत्सव 11 से 14 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. सरमा ने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने वांगला को भारत की जनजातीय विरासत की विविधता और जीवंत परंपराओं का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह उत्सव गारो समुदाय के प्रकृति के साथ गहरे संबंध, परमात्मा के प्रति अटूट आस्था और जीवन के प्रति कृतज्ञता की भावना को दर्शाता है।
महोत्सव के इतिहास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी औपचारिक शुरुआत वर्ष 1975 में तुरा के चांदमारी खेल मैदान में केवल 10 ढोलों के साथ हुई थी। मेघालय के तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन विलियमसन ए. संगमा के सुझाव पर इसे 100 ढोलों तक विस्तारित किया गया। उन्होंने ह्यूबर्ट कॉक्सी संगमा और प्रबीर रक्सम जैसे अग्रदूतों के योगदान को भी याद किया, जिनके प्रयासों से यह आयोजन 1,000 ढोलों और 2,000 नर्तकों वाले भव्य सांस्कृतिक उत्सव में बदल गया।
डॉ. सरमा ने कहा कि वांगला महोत्सव भारत की ज्ञान परंपरा और सभ्यतागत विरासत का अनमोल प्रतिबिंब है। भारतीय ज्ञान परंपरा केवल प्राचीन ग्रंथों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पारंपरिक मान्यताएं, स्थानीय ज्ञान और प्रकृति के साथ मानव जीवन के गहरे संबंध भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय त्योहारों को केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम या पर्यटन आकर्षण के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इन्हें ज्ञान और परंपरा की जीवंत अभिव्यक्ति के रूप में पहचान मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनजातीय विरासत और समुदायों के योगदान को नई पहचान मिली है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन इसी प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम सरकार ने स्वदेशी आस्था और संस्कृति के संरक्षण तथा संवर्धन के लिए एक अलग विभाग की स्थापना की है। उन्होंने युवा पीढ़ी से अपनी मातृभाषा, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान पर गर्व करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा, तकनीक और रोजगार के नए अवसरों को अपनाने के साथ-साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहना भी जरूरी है।
असम और मेघालय के संबंधों का उल्लेख करते हुए डॉ. सरमा ने कहा कि दोनों राज्यों के बीच संबंध भौगोलिक सीमाओं से परे साझा इतिहास, संस्कृति और भावनाओं पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि वांगला महोत्सव दोनों राज्यों की साझा विरासत का उत्सव मनाने का एक शानदार अवसर है। ऐसे सांस्कृतिक आदान-प्रदान से दोनों राज्यों के लोगों के बीच संबंध और मजबूत होंगे।
मुख्यमंत्री ने स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर मेघालय सरकार, आयोजन समिति और पूरे गारो समुदाय को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि वांगला महोत्सव का कृतज्ञता, सद्भाव और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
इस अवसर पर मेघालय के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री टिमोथी डी. शिरा, वांगला महोत्सव समिति के अध्यक्ष रोनाल्ड रेकमैन संगमा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

