शहीद कनकलता बरुवा राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, अब तक 25 फीसदी काम पूरा
गुवाहाटी, 13 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को बिश्वनाथ जिले के गहपुर स्थित भोलागुड़ी चाय बागान में निर्माणाधीन शहीद कनकलता बरुवा राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परियोजना स्थल पर समीक्षा बैठक भी की। विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य अब तक लगभग 25 फीसदी पूरा हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कुलपति एवं कुलसचिव के आवास, शैक्षणिक भवन, छात्रावास तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय राजमार्ग-15 से जोड़ने वाली संपर्क सड़क को चार लेन में विकसित करने तथा एक नए रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण का निर्देश दिया। साथ ही विश्वविद्यालय के दूसरे चरण के निर्माण के लिए जल्द से जल्द विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने को कहा।
विश्वविद्यालय परिसर को हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने वन विभाग तथा बागवानी विशेषज्ञों के परामर्श से व्यापक योजना तैयार करने और जल्द पौधरोपण शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को चौबीसों घंटे काम तेज करने को कहा, ताकि अगले वर्ष मानसून शुरू होने से पहले निर्माण कार्य में उल्लेखनीय प्रगति हो सके।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 8 नवंबर 2025 को गहपुर के भोलागुड़ी में इस विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी थी। राज्य सरकार इस संस्थान को प्रौद्योगिकी आधारित व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है। यहां आधुनिक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे तथा उच्च शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री ने गहपुर के दिपोरा स्थित ऐतिहासिक श्रीश्री मां कल्याणी देवालय का दौरा किया और राज्य के लोगों की सुख-समृद्धि के लिए पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर के ऐतिहासिक तालाब में हंसों का एक जोड़ा छोड़ा तथा तालाब के किनारे बकुल का पौधा लगाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तालाब के उत्तरी किनारे पर आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा चुका है और जल्द ही दक्षिणी किनारे पर भी इसी तरह के विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने देवालय के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार की ओर से निरंतर प्रयास जारी रखने का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने गहपुर के सारेंगिया स्थित श्रीश्री कल्याणी देवालय में भी पूजा-अर्चना की।
इस दौरान शिक्षा मंत्री एवं बिश्वनाथ जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. रनोज पेगू, हथकरघा, वस्त्र एवं रेशम उत्पादन मंत्री बिस्वजीत दैमारी, वित्त मंत्री जयंत मल्लबरुवा, तेजपुर के सांसद रंजीत दत्ता, गहपुर के विधायक उत्पल बोरा, बिश्वनाथ के विधायक पल्लव लोचन दास सहित कई गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

