पूर्व मुख्यमंत्री गोलाप बरबोरा की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री सरमा ने दी श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 19 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री गोलाप बरबोरा की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें सिद्धांतवादी एवं जनसेवा के प्रति समर्पित नेता के रूप में याद किया।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि बरबोरा सरलता, ईमानदारी और नीतिगत दृढ़ता के प्रतीक थे। उनका राजनीतिक जीवन जनसेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी बरबोरा अपने सिद्धांतों से कभी विचलित नहीं हुए और उनका योगदान आज भी असम के लोगों की स्मृतियों में जीवंत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके जन्म शताब्दी वर्ष को मनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा व्यापक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, ताकि उनके आदर्शों और विरासत को आगे बढ़ाया जा सके।
पुण्यतिथि के इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को नमन् किया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

