डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 23 जून (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को महान राष्ट्रवादी नेता, प्रखर शिक्षाविद् एवं जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया था। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के आदर्श को लेकर डॉ. मुखर्जी ने जिस अपराजेय संघर्ष, त्याग और अटूट राष्ट्रनिष्ठा का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
डॉ. सरमा ने कहा कि भारत माता की सेवा के लिए समर्पित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणा का उज्ज्वल स्रोत बना रहेगा। उन्होंने उनके बलिदान दिवस पर उन्हें गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

