home page

मुख्य मंत्री ने की राज्यपाल से मुलाकात

 | 
मुख्य मंत्री ने की राज्यपाल से मुलाकात


इटानगर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने आज इटानगर के लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) केटी परनाइक से मुलाकात की। उन्होंने राज्य की अहम विकास प्राथमिकताओं पर चर्चा की, जिनमें रणनीतिक इंफ्रास्ट्रक्चर, समावेशी विकास और लोगों के दीर्घकालिक हित शामिल हैं।

खांडू ने राज्यपाल को राज्य में चल रही प्रमुख योजनाओं के बारे में जानकारी दी, जिसमें प्रस्तावित सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट भी शामिल है। यह राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है, जिसका जल सुरक्षा, बिजली उत्पादन, बाढ़ नियंत्रण और क्षेत्रीय विकास पर असर पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को सियांग क्षेत्र में राज्य सरकार के जन-संपर्क कार्यक्रम के बारे में भी बताया। इस कार्यक्रम का मकसद परियोजना की प्री-फिजिबिलिटी रिपोर्ट पर जागरूकता फैलाना और लोगों की राय जानना है।

इस पहल की सराहना करते हुए, परनाइक ने स्थानीय समुदायों और हितधारकों के साथ सीधे जुड़ने के लिए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भरोसा कायम करने, चिंताओं को पारदर्शिता से दूर करने और विकास प्रक्रिया में लोगों की जानकारीपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार जन-परामर्श जरूरी है।

राज्यपाल ने आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा आयोजित 'विश्व पर्यावास दिवस 2026' समारोह के दौरान कई योजना के तहत बेहतरीन प्रदर्शन के लिए राज्य सरकार को दो 'बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट अवार्ड' मिलने पर भी उसकी सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी