home page

मुख्यमंत्री ने आपसू प्रतिनिधियों के साथ कांकू सर्कल में हुई घटना को लेकर की चर्चा

 | 

इटानगर, 12 अगस्त (हि.स.)। अरुणाचल प्रेदश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने आज ऑल अरुणाचल प्रदेश स्टूडेंट्स यूनियन (आपसू) और गैलो वेलफेयर सोसाइटी, गैलो स्टूडेंट्स यूनियन और डोलोक बांगो वेलफेयर सोसाइटी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में असम सीमा के पास लोअर सियांग जिले के कांकू सर्कल के हिमे गांव में हाल ही में हुई घटना से पैदा हुई स्थिति पर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री खांडू के साथ बैठक के बाद, आपसू के अध्यक्ष मेजे टाकू ने कहा कि चर्चा बहुत सकारात्मक रही। हालांकि, घटना हुई है, लेकिन हम यह तय नहीं करना चाहते कि किसने सही या गलत किया; हमारी मुख्य प्राथमिकता बातचीत को बढ़ावा देना और जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करना है। शांति बनाए रखने और आपसी विश्वास को कायम रखने के लिए सभी संबंधित पक्षों को शामिल किया जा रहा है।

सबसे पहले हमें भड़काऊ बयानों या गतिविधियों को रोकना होगा, क्योंकि असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच संबंध हमेशा अच्छे रहे हैं और हम उन्हें बनाए रखना चाहते हैं।

आपसू ने कहा कि बैठक के दौरान, हमने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे असम के मुख्यमंत्री से बात करें और अरुणाचल प्रदेश में प्रवेश के रास्तों पर लगाए गए आर्थिक अवरोध को हटाकर सामान्य स्थिति बहाल करें।

उन्होंने राज्य सरकार से यह भी अपील की कि भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचने के लिए असम-अरुणाचल के नामसाई समझौते के अनुसार सीमा विवाद को जल्द से जल्द सुलझाया जाए।

गैलो वेलफेयर सोसाइटी के प्रतिनिधि ने दावा किया कि घटना के दौरान असम की तरफ के लोगों ने एक महिला समेत तीन लोगों का अपहरण कर लिया था। उन्होंने उन्हें रिहा करने और राज्य सरकार से उन्हें सुरक्षित छुड़ाने के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।

इस बीच, सूत्रों के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आज इस घटना के संबंध में फोन पर बातचीत की। यह घटना 'ताकम मिसिंग पोरिन केबांग' के समर्थकों द्वारा अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ कथित तौर पर लगाए गए आर्थिक अवरोध से जुड़ी है।

इस आर्थिक अवरोध का असर अरुणाचल प्रदेश के कई प्रवेश द्वारों पर जैसे होलोंगी, बंदरदेवा, गुमटो, किमिन, पासीघाट, लिकाबली आदि जैसे कई गेट बंद कर दिए गए, जिससे वाहनों और लोगों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी