home page

खांडू ने चार दिवसीय 46वें वार्षिक 'कॉलेज दिवस समारोह का किया उद्घाटन

 | 
खांडू ने चार दिवसीय 46वें वार्षिक 'कॉलेज दिवस समारोह का किया उद्घाटन


इटानगर, 13 नवंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने आज इटानगर स्थित डेरा नटुंग सरकारी कॉलेज के चार दिवसीय 46वें वार्षिक 'कॉलेज दिवस समारोह का उद्घाटन किया। चार दिवसीय कार्यक्रम शैक्षणिक उत्कृष्टता, खेल भावना, सांस्कृतिक विविधता और छात्रों की रचनात्मकता का जश्न मनाने के लिए आयोजित किया गया है।

इस अवसर पर 43-रोइंग विधानसभा क्षेत्र के विधायक मुचू मिथी ' सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति, कॉलेज प्रशासन, शिक्षक, छात्र और पूर्व छात्र आदि उपस्थित थे।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों के औपचारिक स्वागत के साथ हुई। कालेज के एनसीसी कैडेटों ने 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया, जिसके बाद छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने ''कॉलेज दिवसीय का ध्वज फहराया और फिर चार हाउस - कॉसमॉस, डेज़ी, ट्यूलिप और ऑर्किड - की मार्च-पास्ट टुकड़ियों का निरीक्षण किया। एक हरित और स्वच्छ पृथ्वी के लिए एकजुट की थीम पर आयोजित यह समारोह 13 से 16 नवंबर तक चलेगा।

यह पर्यावरण के प्रति जागरूकता, स्थिरता और सामूहिक जिम्मेदारी के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह चार दिवसीय कार्यक्रम छात्रों को अपनी शैक्षणिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक और खेल क्षमताओं को प्रदर्शित करने का मंच देता है, साथ ही उनमें नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और संस्थान के प्रति एकजुटता की भावना को बढ़ावा देता है।

अपने संबोधन में, मुख्यमंत्री ने 1979 में अपनी स्थापना के बाद से अरुणाचल प्रदेश में उच्च शिक्षा के विकास में डेरा नाटुंग सरकारी कॉलेज के योगदान की सराहना की। वर्तमान में यहां 16 शैक्षणिक विभागों में लगभग 152 छात्र नामांकित हैं। मुख्यमंत्री ने इस संस्थान को राज्य की राजधानी में उच्च शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि कॉलेज का योगदान केवल शैक्षणिक शिक्षा तक ही सीमित नहीं है; यहां के पूर्व छात्र नौकरशाह, तकनीकी विशेषज्ञ, राजनेता, शिक्षक, उद्यमी और समाज सेवक के रूप में समाज की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने राज्य के विकास में पूर्व छात्रों और संस्थान से जुड़े अन्य लोगों के योगदान को भी सराहा।

कालेज के छात्र संघ के महासचिव हा केंगे द्वारा बुनियादी ढांचे से जुड़ी चिंताओं को उठाए जाने पर, मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के समक्ष रखी गई मांगें जायज हैं और इन पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को पहले ही निर्देश दे दिए हैं कि वे लोक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और शिक्षा विभाग के साथ मिलकर संस्थान के लिए एक व्यापक विकास योजना तैयार करें।

कॉलेज के पास उपलब्ध लगभग 49 एकड़ जमीन पर ध्यान देते हुए, उन्होंने कहा कि भविष्य में संस्थान के विस्तार की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी और उन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। संबंधित विभाग विचार, अनुमोदन और स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कॉलेज की आवश्यकताओं को, अरुणाचल प्रदेश के सोलह कॉलेजों में शैक्षिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के सरकार के व्यापक प्रयासों के संदर्भ में भी रखा।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी