नगांव उपचुनाव में सोमवार से प्रचार करेंगे मुख्यमंत्री सरमा
गुवाहाटी, 27 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा सोमवार से नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार अभियान शुरू करेंगे। यह जानकारी भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने रविवार को दी।
देवाशीष शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में चुनाव प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को मुख्यमंत्री धिंग के बेजामारी में भी चुनाव प्रचार अभियान में हिस्सा लेंगे।
भाजपा उम्मीदवार ने कहा कि बेजामारी के लोग मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साहित हैं और उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेजामारी जैसे क्षेत्र में, जहां अब तक शायद ही किसी मंत्री ने कदम रखा हो, वहां मुख्यमंत्री का पहुंचना स्थानीय लोगों के लिए बड़ी बात है।
उन्होंने कहा, “धिंग के बेजामारी में मुख्यमंत्री का आना, हमारे लिए इससे बेहतर खबर और क्या हो सकती है।”
नगांव लोकसभा सीट कांग्रेस सांसद प्रद्युत बरदलै के पद से हटने के बाद रिक्त हुई थी। सीट पर उपचुनाव 6 अक्टूबर को होगा और मतगणना 9 अक्टूबर को की जाएगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

