home page

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने किया अवलोकन

 | 
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने किया अवलोकन


गुवाहाटी, 17 जून (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को गुवाहाटी के शहीद स्मारक क्षेत्र का दौरा कर मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में असम प्रदेश भाजपा द्वारा आयोजित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

चार दिवसीय इस प्रदर्शनी में पिछले 12 वर्षों के दौरान असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों, आधारभूत संरचना परियोजनाओं तथा सांस्कृतिक संरक्षण संबंधी पहलों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का उद्देश्य “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की परिकल्पना के तहत क्षेत्र में हुए परिवर्तन और विकास को जनसामान्य के समक्ष प्रस्तुत करना है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया और राज्य के वित्त मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने मंगलवार को किया था। भाजपा की ओर से कहा गया है कि एक समय पूर्वोत्तर क्षेत्र के लोगों में राष्ट्रीय मुख्यधारा और केंद्र सरकार द्वारा उपेक्षा की भावना व्याप्त थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान इस स्थिति में व्यापक बदलाव आया है।

बयान के अनुसार, केंद्र सरकार की विभिन्न विकासोन्मुखी पहलों से पूर्वोत्तर में विश्वास, आत्मीयता और राष्ट्रीय एकीकरण की भावना मजबूत हुई है। प्रदर्शनी में धुबड़ी-फुलगुड़ी सेतु, ब्रह्मपुत्र के नीचे प्रस्तावित सड़क एवं रेल सुरंग परियोजना, जागीरोड सेमीकंडक्टर परियोजना, लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का विस्तार, चराइदेव मैदानों को यूनेस्को विश्व धरोहर का दर्जा तथा बटद्रवा के विकास से जुड़ी पहलों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए दिलीप सैकिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में असम ने विकास, समृद्धि और गौरव के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता केंद्र सरकार के सहयोग और विकासात्मक दृष्टिकोण के लिए सदैव आभारी रहेगी।

यह प्रदर्शनी आगामी चार दिनों तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी, जहां आगंतुक असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र की विकास यात्रा से जुड़ी विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश