दरंग में बाढ़ की स्थिति का मुख्यमंत्री सरमा ने लिया जायजा
दरंग (असम), 08 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को दरंग जिले में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और मंगलदै के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
मुख्यमंत्री ने मंगलदै के बेंगाबाड़ी और कपिली सत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और राहत कार्यों की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
डॉ. सरमा ने औतला उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए राहत शिविर का दौरा किया और वहां रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं सहायता कार्यों को प्रभावी ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के दौरे का उद्देश्य बाढ़ की जमीनी स्थिति का आकलन करने के साथ-साथ प्रभावित लोगों तक राहत और सहायता पहुंचाने के कार्यों की समीक्षा करना था।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

