बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती पर मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 26 जून (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को महान देशभक्त एवं युगद्रष्टा साहित्यकार बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि औपनिवेशिक शासन के अंधकारमय दौर में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने अपनी लेखनी के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना का दीप प्रज्वलित किया और देशभक्ति की भावना को नई दिशा दी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि बंकिमचंद्र द्वारा रचित 'वंदे मातरम्' केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की आत्मा बन गया। इसने भाषा, क्षेत्र और समुदाय की सीमाओं से ऊपर उठकर करोड़ों देशवासियों को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया तथा देशभक्ति, आत्मसम्मान और स्वतंत्रता की भावना को मजबूत किया।
उन्होंने कहा कि 'आनंदमठ' के माध्यम से बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने भारत माता के गौरवशाली स्वरूप को राष्ट्र के सामने प्रस्तुत किया और स्वतंत्रता, राष्ट्रीय स्वाभिमान तथा राष्ट्रीय चेतना की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के पुनर्जागरण और राष्ट्रनिर्माण में उनका अतुलनीय योगदान सदैव श्रद्धा और कृतज्ञता के साथ स्मरण किया जाएगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

