home page

मुख्यमंत्री चुने जाने पर हिमंत को प्रदेश अध्यक्ष सैकिया ने दी शुभकामनाएं

 | 
मुख्यमंत्री चुने जाने पर हिमंत को प्रदेश अध्यक्ष सैकिया ने दी शुभकामनाएं


गुवाहाटी, 10 मई, (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), असम प्रदेश के अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को दूसरी बार भाजपा विधायक दल तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) गठबंधन का नेता चुने जाने पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।

मंगलवार को गुवाहाटी स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित बैठक में भाजपा नेतृत्वाधीन राजग गठबंधन के समर्थन से निर्वाचित 102 विधायकों ने सर्वसम्मति से डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को विधायक दल का नेता चुना। बैठक में असम गण परिषद (अगप), बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ), राभा-हासोंग संयुक्त मंच समेत अन्य सहयोगी दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

बैठक में केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता, प्रदेश प्रभारी हरीश द्विवेदी, संगठन महामंत्री जीआर रवींद्र राजू, अगप अध्यक्ष अतुल बोरा तथा बीटीसी के उप मुख्य कार्यकारी सदस्य रिहन दैमारी सहित कई नेता बैठक में उपस्थित थे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने अपने बयान में कहा कि असम की जनता ने एक बार फिर डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व तथा राजग सरकार पर भरोसा जताया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. सरमा के नेतृत्व में आने वाले पांच वर्षों में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

विधायक दल की बैठक समाप्त होने के बाद डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने राजभवन जाकर राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात की और नई सरकार गठन का दावा पेश किया।

नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आगामी 12 मई को सुबह 11 बजे गुवाहाटी के खानापाड़ा पशु चिकित्सा महाविद्यालय खेल मैदान में आयोजित होगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलावा कई केंद्रीय मंत्री तथा भाजपा एवं एनडीए शासित 22 राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे।

डॉ. हिमंत बिस्व सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले असम के चौथे नेता बनेंगे। भाजपा नेताओं ने इसे राज्य में विकास और सुशासन के प्रति जनता के विश्वास का प्रतीक बताया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने 102 सीटों के प्रचंड जनादेश के लिए असम की जनता का आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल समेत पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

प्रदेश भाजपा ने जानकारी दी कि शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी, भाजपा बूथ अध्यक्ष, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न बोर्ड-निगमों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, स्वायत्त परिषदों के पदाधिकारी तथा पार्टी के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता भी शामिल रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश