home page

भूटान को असम से पहली बार हुआ 'पुरबी' आइसक्रीम का व्यावसायिक निर्यात, मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

 | 
भूटान को असम से पहली बार हुआ 'पुरबी' आइसक्रीम का व्यावसायिक निर्यात, मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी


गुवाहाटी, 28 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को जनता भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में भूटान के लिए 5,627 लीटर 'पुरबी प्रीमियम' आइसक्रीम की पहली व्यावसायिक खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह असम से किसी विदेशी देश को डेयरी उत्पादों का पहला वाणिज्यिक निर्यात है।

यह निर्यात वेस्ट असम मिल्क उद्योग लिमिटेड (वामुल) द्वारा स्थानीय दुग्ध उत्पादकों से एकत्रित दूध से तैयार किया गया है, जबकि कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के सहयोग से निर्यात की सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इस पहल से असम के डेयरी उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने का नया अवसर मिलेगा और राज्य के हजारों डेयरी किसानों को प्रत्यक्ष लाभ होगा।

निर्यात खेप में बटरस्कॉच, चॉकलेट, चोको चिप्स, स्ट्रॉबेरी, मैंगो और वनीला फ्लेवर की आइसक्रीम शामिल है। यह उत्पाद भूटान के थिम्फू, पारो, फुएंटशोलिंग सहित प्रमुख बाजारों में उपलब्ध होंगे।

'पुरबी' आइसक्रीम का विपणन नॉर्थ ईस्ट डेयरी एंड फूड्स लिमिटेड (एनईडीएफएल) द्वारा किया जाता है। इसके निर्माण में प्रयुक्त दूध असम भर के डेयरी किसानों से पुरबी डेयरी के सहकारी नेटवर्क के माध्यम से एकत्र किया जाता है। पिछले चार-पांच वर्षों में पुरबी डेयरी के विस्तार और विश्व बैंक समर्थित एपीएआरटी परियोजना के तहत मिली सहायता से इसकी दैनिक प्रसंस्करण क्षमता 60 हजार लीटर से बढ़कर 1.50 लाख लीटर हो गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार ने डेयरी क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में असम में प्रतिदिन लगभग 2.50 लाख लीटर दूध का प्रसंस्करण कर विभिन्न डेयरी उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भूटान को 'पुरबी' आइसक्रीम का यह निर्यात असम के डेयरी क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है और भविष्य में इस प्रकार के डेयरी उत्पादों का नियमित निर्यात जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए पुरबी डेयरी, एनईडीएफएल, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) और एपीडा की सराहना की।

कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री कौशिक राय, पुरबी डेयरी, एनईडीएफएल, एपीडा तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश