अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर मुख्यमंत्री का संदेश, श्रमिकों को दी शुभकामनाएं
गुवाहाटी, 01 मई, (हि.स.): मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर राज्य के सभी श्रमिकों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि श्रमिकों की निष्ठा, परिश्रम और योगदान से ही एक विकसित और समृद्ध समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होता है।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के अमूल्य योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत” के निर्माण में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके कठिन परिश्रम से ही देश आगे बढ़ रहा है।
डॉ. सरमा ने यह भी उल्लेख किया कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकारों ने श्रमिकों के हित में कई नीतियां लागू की हैं, जिनका उद्देश्य कार्य परिस्थितियों में सुधार, सुरक्षा सुनिश्चित करना और उनके योगदान को उचित मान्यता देना है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

