काजीरंगा में पर्यटन बढ़ाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है : मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 15 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि काजीरंगा में पर्यटन की अपार संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए सरकार को संघर्ष करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अत्यंत चिंताजनक स्थिति है कि कुछ लोग विकास और बुनियादी ढांचे के निर्माण का समर्थन करने के बजाय केवल आंदोलन करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि काजीरंगा में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से फाइव-स्टार होटल स्थापित करने की योजना बनाई गई है, लेकिन इसके लिए भी विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
डॉ. सरमा ने कहा कि सुंदरबन और जिम कॉर्बेट जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर फाइव-स्टार होटल मौजूद हैं, फिर भी काजीरंगा में ऐसी सुविधाओं के विकास का विरोध किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग नहीं चाहते कि काजीरंगा में पर्यटकों का आगमन बढ़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार काजीरंगा को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

