दुलियाजन में भाजपा प्रत्याशी रामेश्वर तेली के पक्ष में मुख्यमंत्री ने किया चुनाव प्रचार
डिब्रूगढ़ (असम), 02 अप्रैल (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को 90 नंबर दुलियाजान विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी रामेश्वर तेली के समर्थन में चुनाव प्रचार किया और राज्य में पार्टी की रिकॉर्ड जीत का दावा किया।
प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का उत्साह साफ संकेत देता है कि इस बार भाजपा असम में अभूतपूर्व सफलता हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि लोगों का समर्थन पार्टी के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
इससे पहले मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दुलियाजान के डिरियाल चाय बागान में उतरा, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रामेश्वर तेली करीब 30 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज करेंगे।
मुख्यमंत्री ने राज्य में सभी जाति-जनजातियों के बीच एकता और संतोष का दावा करते हुए कहा कि सभी लोग मिलकर आगे बढ़ रहे हैं। साथ ही उन्होंने आलोचकों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जहां कुछ अंतरराष्ट्रीय मीडिया उन्हें ट्रोल करते हैं, वहीं असम की जनता उन्हें स्नेहपूर्वक “मामा” कहती है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

