home page

नगांव में मुख्यमंत्री की चुनावी जनसभा आयोजित

 | 
नगांव में मुख्यमंत्री की चुनावी जनसभा आयोजित


नगांव (असम), 25 मार्च (हि.स.)। आसन्न असम विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र नगांव जिले की सभी सात विधानसभा सीटों पर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को नगांव में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री एवं भाजपा के स्टार प्रचारक डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने कई अहम घोषणाएं कीं।

नगांव शहर के समीप भोटाइगांव के भोटाइडेका खेल मैदान में आयोजित इस सभा में मुख्यमंत्री ने 60 नंबर नगांव-बटद्रबा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा-अगप गठबंधन के उम्मीदवार रूपक शर्मा के समर्थन में प्रचार किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यदि राज्य में फिर से भाजपा की सरकार बनती है तो लगभग दो लाख युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि आगामी दिनों में पांच लाख बीघा अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य की 15 लाख महिलाओं को नई तरह से अरुणोदय योजना में शामिल किया जाएगा, जबकि नगांव जिले में 10 हजार महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा। इसके अलावा प्रत्येक महिला को 25 हजार रुपये की सहायता देने और छात्रों को मुफ्त शिक्षा प्रदान करने का भी आश्वासन दिया गया।

अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने गुवाहाटी-नगांव एक्सप्रेस हाईवे के निर्माण की भी घोषणा की। इस चुनावी सभा में उम्मीदवार रूपक शर्मा के अलावा बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश