मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने चंद्रपुर में रखी इसरो के उन्नत रडार अनुसंधान केंद्र की आधारशिला
गुवाहाटी, 21 सितंबर (हि.स.)। असम ने वैज्ञानिक और अंतरिक्ष अनुसंधान के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने चंद्रपुर में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के उन्नत रडार अनुसंधान केंद्र के लिए भूमि पूजन किया।
मुख्यमंत्री ने इसे पूरे असम के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि राज्य ने अशांति के लिए पहचाने जाने वाले क्षेत्र की अपनी पुरानी छवि से आगे बढ़ते हुए महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना, नए अवसरों के सृजन और अत्याधुनिक वैज्ञानिक बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित केंद्र करीब 200 बीघा भूमि पर स्थापित किया जाएगा, जहां इसरो अत्याधुनिक रडार प्रणाली लगाएगा। यह केंद्र अंतरिक्ष में मौजूद विभिन्न वस्तुओं और उनकी गतिविधियों की निगरानी करने के साथ-साथ भारत की महत्वपूर्ण अंतरिक्ष परिसंपत्तियों की सुरक्षा की क्षमता को मजबूत करने में मदद करेगा।
डॉ. सरमा ने कहा कि यह परियोजना अंतरिक्ष विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अनुसंधान के क्षेत्र में असम के लिए एक मजबूत कदम है। उन्होंने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक नए संस्थान की शुरुआत नहीं है, बल्कि नए असम को आकाश की ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक दृढ़ कदम है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

