नाव से बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों को मुख्यमंत्री ने दिया हरसंभव सहायता का भरोसा
गुवाहाटी, 22 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व ने बुधवार को शिवसागर, चराईदेव और जोरहाट के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का नाव से दौरा कर हालात का जायजा लिया तथा राहत शिविरों में रह रहे लोगों से मुलाकात की।
शिवसागर के बेतबाड़ी में बाढ़ पीड़ितों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह उनके दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा, जिस किसी का भी नुकसान हुआ है, सरकार सभी की हरसंभव मदद करेगी। मैं आपके घर के बेटे की तरह हूं, इसलिए किसी भी तरह की चिंता न करें।
फूकन नगर स्थित राहत शिविर में भी मुख्यमंत्री ने विस्थापित परिवारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगी और किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मरियानी विधानसभा क्षेत्र के राहत शिविर का भी दौरा किया और बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि सरकार राहत, पुनर्वास और अन्य सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार की बाढ़ अभूतपूर्व है। शिवसागर में 70 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। वहीं, नाजिरा में अब तक 18 शव बरामद किए जा चुके हैं तथा करीब 50 लोग लापता हैं। उन्होंने आशंका जताई कि बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

