मुख्यमंत्री ने लाहोरीघाट के विकास का दिया भरोसा, चुनावी वादे पूरे करने का आश्वासन
गुवाहाटी, 09 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को लाहोरीघाट के लोगों को आश्वासन दिया कि इस विधानसभा क्षेत्र का विकास राज्य के अन्य क्षेत्रों के समान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा।
नगांव लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत के बाद लाहोरीघाट के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस के साथ रहने के कारण यह क्षेत्र विकास से वंचित रहा। उन्होंने कहा कि लाहोरीघाट में सड़क और तटबंध जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव रहा है।
सरमा ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में बुनियादी ढांचे की कमियों को दूर किया जाएगा और इसे विकास की दौड़ में अन्य विधानसभा क्षेत्रों के बराबर लाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए प्रत्येक वादे को पूरा किया जाएगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव के समय किए गए वादों को बाद में भूल जाती है, लेकिन भाजपा अपने वादों को नहीं भूलती।
उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार लाहोरीघाट के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

