आउनीआटी सत्र भवन निर्माण के लिए पांच करोड़ अतिरिक्त राशि की घोषणा
जोरहाट (असम), 15 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने आउनीआटी सत्र (मठ) के भवन निर्माण के लिए अतिरिक्त पांच करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने आज टियोक स्थित आउनीआटी विश्वविद्यालय के भवन का उद्घाटन करते हुए यह घोषणा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के युवा समाज को आध्यात्मिक शिक्षा के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी आधुनिक तकनीकों की शिक्षा भी हासिल करनी होगी। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के साथ आधुनिक तकनीकी ज्ञान को अपनाना समय की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी को परंपरा और आधुनिकता के बीच संतुलन बनाते हुए आगे बढ़ना होगा। उन्होंने आउनीआटी सत्र और विश्वविद्यालय से जुड़े शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे संस्थान युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

