भूस्खलन में जान गंवाने वालों के लिए मुख्यमंत्री ने अनुग्रह राशि की घोषणा की
इटानगर, 17 मार्च (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने राजधानी क्षेत्र नीति बिहार में भूस्खलन के चलते जान गंवाने वाले चार लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।
ज्ञात हो कि 16 मार्च की शाम को हुए एक दुखद भूस्खलन की घटना में इटानगर के नीति विहार में निर्माणाधीन सुरक्षा-सह-निरोधक दीवार ढह गयी जिसके चलते चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), राजधानी पुलिस और जिला प्रशासन की टीमों ने स्थानीय निवासियों के सहयोग से तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि, लगातार बारिश और ढीली मिट्टी के कारण बचाव कार्य में बाधा आई और इसमें देरी हुई।
मृतकों की पहचान चोकी तासर, रतन बर्मन, गोडाक राजा और गोडाक तबिन के रूप में हुई है। घायलों में तातुंग ताजिक, चोकी टाकियो और हसीबुल अली शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे एक दुखद क्षति बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों के लिए 16 हजार रुपये की सहायता राशि के साथ-साथ आवश्यक चिकित्सा सहायता की घोषणा की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।
खांडू ने बरसात के मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि ऐसे मौसम में भूस्खलन और संबंधित घटनाओं का खतरा काफी बढ़ जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

