फकीराग्राम नगरपालिका ने चलाया विशेष स्वच्छता अभियान
कोकराझार (असम), 25 सितम्बर (हि.स.)। भारत संकल्प अभियान के तहत फकीराग्राम नगरपालिका की पहल पर शुक्रवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान फकीराग्राम नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न विसर्जन घाटों तथा फकीराग्राम के छठ पूजा घाटों पर साफ-सफाई की गई।
फकीराग्राम नगरपालिका के अध्यक्ष सुल्तान आलम के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में उपाध्यक्ष प्रणव शर्मा के अलावा नगरपालिका के सभी वार्ड पार्षद, सफाई कर्मचारी, अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं साफ रखने के साथ-साथ आम लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
अभियान के समापन पर नगरपालिका अध्यक्ष सुल्तान आलम ने कहा कि स्वच्छता केवल नगरपालिका प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्रों को नियमित रूप से साफ रखने तथा कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की, ताकि सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर वातावरण का निर्माण किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

