ब्रह्मपुत्र नदी में नहाने गई 15 वर्षीय छात्रा लापता
दक्षिण सालमारा (असम), 17 सितंबर (हि.स.)। दक्षिण सालमारा- मानकाचर जिलांतर्गत सुखचर थाना क्षेत्र के चर डालुवामारी इलाके में बुधवार को एक दर्दनाक घटना में ब्रह्मपुत्र नदी में नहाने गई 15 वर्षीय छात्रा तेज धारा में बहकर लापता हो गई। पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम आज भी छात्रा की तलाश की। अंतिम सूचना मिलने तक उसका पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3.30 बजे स्थानीय तीन छात्राएं एक साथ ब्रह्मपुत्र नदी में नहाने गई थीं। नहाने के दौरान अचानक नदी की तेज धारा में तीनों छात्राएं डूबने लगीं। छात्राओं की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और दो छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हालांकि, सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 15 वर्षीय छात्रा शर्मिना खातून तेज धारा में बह गई और लापता हो गई। वह पड़ोसी छोटा बजरा गांव निवासी सहीदुर रहमान की बेटी बताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही सुखचर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और एसडीआरएफ के गोताखोरों ने रात तक ब्रह्मपुत्र नदी के विभिन्न हिस्सों में छात्रा की तलाश में व्यापक अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।
गुरुवार सुबह से एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से नदी के विभिन्न हिस्सों में फिर से तलाश अभियान तेज कर दिया गया। अंतिम सूचना मिलने तक लापता छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल सका था। छात्रा के परिजन और स्थानीय लोग ब्रह्मपुत्र के किनारे उसके मिलने की उम्मीद में बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

