दलगांव में एआईयूडीएफ समर्थकों के बीच झड़प, वाहनों में तोड़फोड़
दरंग (असम), 23 मार्च (हि.स.)। असम के दरंग जिले के दलगांव क्षेत्र में सोमवार को ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प होने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना उस समय हुई जब एआईयूडीएफ के उम्मीदवार मजीबुर रहमान ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के तुरंत बाद खारुपेटिया नगर बोर्ड कार्यालय के सामने स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई, जहां पार्टी समर्थकों के बीच तीखी झड़प शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उग्र समर्थकों ने कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया। इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए क्षेत्र में सामान्य गतिविधियां बाधित रहीं।
सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल हालात पर नजर रखी जा रही है और मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

