बरपेटा जेल में कैदियों और जेल अधिकारियों के बीच हिंसक झड़प, तीन राउंड हवाई फायरिंग
बरपेटा (असम), 02 अक्टूबर (हि.स.)। असम के बरपेटा जिला जेल में शुक्रवार को कैदियों और जेल अधिकारियों के बीच टकराव के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए जेल अधिकारियों ने कथित तौर पर हवा में तीन राउंड फायरिंग की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विवाद सहायक जेलर किशोर हालोई के कथित व्यवहार के विरोध में कैदियों के प्रदर्शन के बाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विरोध हिंसक हो गया और कुछ कैदियों ने कथित तौर पर हालोई के साथ मारपीट की तथा जेल परिसर के अंदर स्थित दूसरे सुरक्षा द्वार को पार करने का प्रयास किया।
स्थिति बिगड़ने पर जेल अधिकारियों ने कैदियों को आंतरिक द्वार पार करने से रोकने और हालात पर काबू पाने के लिए हवा में तीन राउंड गोलियां चलाईं।
घटना की सूचना मिलने के बाद बरपेटा के आयुक्त नवदीप पाठक पुलिस दल के साथ जेल परिसर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जेल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने स्थिति की समीक्षा के दौरान बाहरी द्वार पर भी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी।
झड़प के वास्तविक कारण, इसमें शामिल कैदियों की संख्या और किसी के घायल होने की जानकारी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जिला प्रशासन और जेल अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

