home page

खाद्य विषाक्तता मामले को लेकर कोकराझार सीआईटी के छात्रों ने किया विरोध प्रदर्शन

 | 

कोकराझार (असम), 28 सितम्बर (हि.स.)। केंद्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईटी), कोकराझार के गर्ल्स हॉस्टल में शनिवार की रात कथित खाद्य विषाक्तता की घटना के बाद छात्रों में नाराजगी देखी गई। घटना के विरोध में आज छात्रों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने हॉस्टल में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर गंभीर चिंता जताई। छात्रों ने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए निष्पक्ष एवं उचित जांच जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने तथा जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।

छात्रों ने संस्थान प्रशासन से हॉस्टल में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा