home page

कोकराझार के सीआईटी छात्रावास में खाद्य विषाक्तता मामला, खाद्य आपूर्तिकर्ता गिरफ्तार

 | 
कोकराझार के सीआईटी छात्रावास में खाद्य विषाक्तता मामला, खाद्य आपूर्तिकर्ता गिरफ्तार


कोकराझार (असम), 03 अक्टूबर (हि.स.)। कोकराझार स्थित केंद्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईटी) के गामबारी गर्ल्स हॉस्टल में हुई खाद्य विषाक्तता की घटना के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छात्रावास के खाद्य आपूर्तिकर्ता कनक ब्रह्म को गिरफ्तार किया है। कोकराझार पुलिस ने शनिवार को खाद्य विषाक्तता की घटना में कथित संलिप्तता के आरोप में उसे गिरफ्तार किया।

बताया गया है कि छात्रावास में गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध नहीं कराने को लेकर खाद्य आपूर्तिकर्ता कनक ब्रह्म के खिलाफ शिकायतें सामने आई थीं। इसी बीच 26 सितंबर को गामबारी गर्ल्स हॉस्टल में भोजन करने के बाद 50 से अधिक छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई थी। प्रभावित छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

घटना के बाद प्रशासन की ओर से मामले की जांच शुरू की गई। जांच के उपरांत दो दिन पहले अतिरिक्त आयुक्त ने कोकराझार सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी और जांच के आधार पर पुलिस ने शनिवार को खाद्य आपूर्तिकर्ता कनक ब्रह्म को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है तथा खाद्य विषाक्तता की घटना के वास्तविक कारणों और इसमें अन्य किसी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा