चीनी घुसपैठ के आरोप खारिज, मानसून के बाद जमीनी सत्यापन होगा : ताई तागाक
इटानगर, 02 जुलाई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश से निर्विरोध निर्वाचित राज्यसभा सांसद ताई तागाक ने भारत-चीन सीमा पर कथित चीनी घुसपैठ के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि भारत की एक इंच भूमि पर भी किसी को कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मानसून समाप्त होने के बाद सरकार एक टीम गठित कर जमीनी स्तर पर स्थिति का सत्यापन कराएगी।
गुरुवार को होलोंगी स्थित दोनी पोलो हवाई अड्डे पर पहुंचने पर तागाक का भाजपा कार्यकर्ताओं, ताई वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भव्य स्वागत किया। उन्हें पुष्पगुच्छ और मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।
पत्रकारों से बातचीत में तागाक ने कहा कि उनके संसदीय कार्यकाल का मूल आधार ईमानदारी और पारदर्शिता होगा। उन्होंने विशेष रूप से राज्यसभा सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (एमपीलैड) के उपयोग में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता अरुणाचल प्रदेश के सभी क्षेत्रों तक विकास कार्यों को निष्पक्ष, जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ पहुंचाना है।
भारत-चीन सीमा पर कथित चीनी घुसपैठ संबंधी रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया देते हुए तागाक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा और मैकमोहन रेखा को लेकर भारत और चीन की अलग-अलग व्याख्याओं के कारण इस तरह की भ्रांतियां उत्पन्न होती हैं। उन्होंने दोहराया कि देश की सीमाओं और संप्रभुता की रक्षा के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सांसद ने बताया कि मानसून के बाद गठित होने वाली टीम स्थल का निरीक्षण करेगी और भौगोलिक मानचित्रों तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं के आधार पर स्थिति का मूल्यांकन करेगी। उन्होंने कहा कि सत्यापन प्रक्रिया के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और सरकार देश की अखंडता की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

