चिनामारा रेलवे फ्लाईओवर से जोरहाट में यातायात होगा सुगम: मुख्यमंत्री सरमा
जोरहाट (हि.स.), 13 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को जोरहाट के चिनामारा में नवनिर्मित रेलवे फ्लाईओवर को क्षेत्र की यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस फ्लाईओवर के शुरू होने से लंबे समय से चली आ रही यातायात जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर वाहनों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आज इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री ने एक भव्य समारोह में किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सुविधा से जोरहाट और मरियानी तथा तिताबर जैसे उपमंडल मुख्यालयों के बीच आवागमन तेज और सुविधाजनक होगा। इसके अलावा जोरहाट शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों, बाजारों और अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी आसान होगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना पड़ोसी राज्य नगालैंड के साथ जोरहाट के व्यापारिक संबंधों और यातायात संपर्क को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। फ्लाईओवर के चालू होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ क्षेत्र से होकर गुजरने वाले यात्रियों और वाहनों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

