बच्चों की प्रस्तुति चिल्ड्रेन विजन ऑफ असम- 2047
गुवाहाटी, 20 नवंबर (हि.स.)। विश्व बाल दिवस के अवसर पर गौहाटी विश्वविद्यालय और यूनिसेफ असम के सहयोग से आयोजित एक कार्यक्रम में असम के छह बच्चों और युवाओं ने 'चिल्ड्रेन्स विजन फॉर असम 2047' प्रस्तुत किया। उन्होंने मांग की कि राज्य की दीर्घकालिक विकास योजना 'विकसित असम @2047' में बच्चों की प्राथमिकताओं और दृष्टिकोण को औपचारिक रूप से शामिल किया जाए।
यह रिपोर्ट नौ जिलों—बरपेटा, बंगाईगांव, दरंग, धेमाजी, हैलाकांदी, मोरीगांव, शिवसागर, दक्षिण सालमारा-मानकाचर और उदालगुरी के 106 बच्चों व युवाओं के विचारों पर आधारित है। ब्रह्मपुत्र वॉलीबॉल लीग (बीवीएल) और प्रत्येक ने यूनिसेफ असम के सहयोग से ऑनलाइन चर्चाओं और लगभग 30 स्कूलों व कोचिंग केंद्रों के माध्यम से 9 से 17 वर्ष के बच्चों के विचार एकत्र किए।
मुख्यमंत्री को संबोधित प्रस्तावना में बच्चों ने कहा, जब असम 2047 में पहुंचेगा, तब हम वयस्क हो जाएंगे। आप जो योजना अभी लिख रहे हैं, वह हमारे जीवन के बारे में है, इसलिए हम इसे लिखने में मदद करना चाहते हैं।
रिपोर्ट में बाढ़ व जलवायु परिवर्तन के प्रति आपदा तैयारी, बाल विवाह समाप्त करने, लड़कियों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, दिव्यांगों व बिना दस्तावेज वाले बच्चों के समावेशन, स्वास्थ्य-पोषण, ग्रामीण खेल सुविधाओं और ई-कचरा प्रबंधन जैसे मुद्दे उठाए गए हैं। बच्चों ने सरकार से तीन प्रमुख सिफारिशें की हैं:
'विकसित असम @2047' दस्तावेज में बच्चों के अधिकारों और आवश्यकताओं पर एक समर्पित अध्याय शामिल किया जाए।
वार्षिक राज्य नियोजन में बच्चों के विचार शामिल करने और सरकार के जवाब की व्यवस्था के लिए एक राज्य बाल मंच स्थापित किया जाए।
आपदा-रोधी स्कूल व राहत शिविर, जरूरत आधारित सहायता और बाल विवाह रोकने के उपायों को प्राथमिकता दी जाए।
संवाद के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने बच्चों की बातों का समर्थन किया। यूनिसेफ इंडिया के उप प्रतिनिधि जेस्पर मोलर ने कहा कि अगले विश्व बाल दिवस तक रिपोर्ट में शामिल प्रत्येक बच्चे को उनकी मांगों का लिखित उत्तर दिलाने का प्रयास किया जाएगा। गौहाटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नानी गोपाल महंता ने शोध और प्रशिक्षण के माध्यम से सहयोग का आश्वासन दिया, जबकि उद्यमी जाह्नवी फुकन, वरिष्ठ पत्रकार मृणाल तालुकदार और असम राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव देबाशीष भट्टाचार्य ने अपने-अपने क्षेत्रों में ठोस कदम उठाने की प्रतिबद्धता जताई।
यूनिसेफ 21 नवंबर को यह रिपोर्ट असम के राज्यपाल को सौंपेगा, तथा अंतिम दस्तावेज से पहले इसे मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और विधानसभा अध्यक्ष को भी प्रस्तुत किया जाएगा। यूनिसेफ असम की फील्ड ऑफिस प्रमुख डॉ. मधुलिका जोनाथन ने कहा कि बच्चों ने आज असम के 2047 के इतिहास का एक पन्ना लिखने में मदद की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

