कलागुरु विष्णु प्रसाद राभा की स्मृति में आयोजित समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, विभिन्न पुरस्कारों का किया वितरण
गुवाहाटी, 20 जून (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में आयोजित विष्णु राभा दिवस समारोह एवं राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कलागुरु विष्णु प्रसाद राभा को असम की सांस्कृतिक चेतना का चिरप्रकाशित नक्षत्र बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विष्णु प्रसाद राभा का व्यक्तित्व बरलुईत (ब्रह्मपुत्र) की तरह विशाल, आकाश की तरह व्यापक और सागर की भांति गहरा था। उनकी रचनाएं, आदर्श और विचारधारा पीढ़ी-दर-पीढ़ी असमिया समाज को मार्गदर्शन प्रदान करती रही हैं और आगे भी करती रहेंगी।
विष्णु राभा दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में प्रतिष्ठित सत्रिया संस्कृति साधक मानिक बरबायन तथा विख्यात चित्रकार मधुसूदन दास को संयुक्त रूप से ‘विष्णु राभा पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। वहीं, प्रख्यात साहित्यकार गीता उपाध्याय को ‘सती साधनी पुरस्कार’ तथा जिकिर-जारी परंपरा के वरिष्ठ कलाकार मोहम्मद शामसुद्दीन अहमद को राष्ट्रीय स्तर का ‘आजान पीर पुरस्कार’ प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने सम्मानित हस्तियों की दीर्घकालीन साधना और समाज तथा संस्कृति के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्य नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उन्होंने सभी पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

