home page

मुख्य न्यायाधीश अशुतोष कुमार ने पुलिस शिशु मित्र व्याख्यान श्रृंखला में लिया हिस्सा

 | 
मुख्य न्यायाधीश अशुतोष कुमार ने पुलिस शिशु मित्र व्याख्यान श्रृंखला में लिया हिस्सा


गुवाहाटी, 24 फरवरी (हि.स.)। गौहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, आशुतोष कुमार ने असम पुलिस शिशु मित्र कार्यक्रम के तहत आज आयोजित व्याख्यान श्रृंखला में ‘न्याय वितरण प्रणाली में बाल हितैषी प्रक्रियाओं का संस्थागतकरण’ विषय पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम का आयोजन असम पुलिस द्वारा किया गया था।

मुख्य न्यायाधीश कुमार ने अपने संबोधन में बाल अधिकारों के ऐतिहासिक विकास, उनके संवैधानिक संरक्षण और विधिक प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिदृश्य में बाल संरक्षण से जुड़ी चुनौतियां गंभीर होती जा रही हैं, ऐसे में न्याय प्रणाली को अधिक संवेदनशील और उत्तरदायी बनाना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चे वर्तमान के नागरिक हैं और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना राज्य और समाज दोनों की जिम्मेदारी है।

उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि केवल सुदृढ़ कानूनी ढांचा पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सहानुभूति और मानवीय दृष्टिकोण अनिवार्य है।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए असम के पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह ने कहा कि इस प्रकार की व्याख्यान श्रृंखलाएं बाल हितैषी न्याय प्रणाली को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि असम पुलिस राज्यभर में पुलिसिंग के प्रत्येक स्तर पर बाल हितैषी दृष्टिकोण को संस्थागत रूप देने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में कल्याण राय सुराणा, अरुण देव चौधरी तथा मृदुल कुमार कलिता सहित अन्य न्यायाधीश, पॉक्सो न्यायालयों के न्यायाधीश, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा बाल संरक्षण तंत्र से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम यूनिसेफ तथा उत्साह चाइल्ड राइट ऑर्गेनाइजेशन के सहयोग से आयोजित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश