home page

गुवाहाटी में छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम गलतफहमी के चलते हिरासत के बाद रिहा

 | 

गुवाहाटी/रायपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। गुवाहाटी में एक मामले की जांच के लिए आई छत्तीसगढ़ के रायपुर पुलिस की टीम को ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोपों की गलतफहमी के बाद दिसपुर पुलिस ने हिरासत में लियाा। जानकारी के अनुसार रायपुर से आई पुलिस टीम गुवाहाटी में एक डिजिटल अरेस्ट केस की जांच के सिलसिले में पहुंची थी। इस दौरान टीम पर एक व्यक्ति से मामले को निपटाने के नाम पर धन की मांग करने का आरोप लगाया गया।

हालांकि, छत्तीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद गुवाहाटी पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। बताया गया है कि 24 घंटे के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस टीम गुवाहाटी से बीते मंगलवार को रवाना हो गयी।

छत्तीसगढ़ पुलिस पर आरोप लगाया गया था कि मांगी गई रकम नहीं देने तक संबंधित व्यक्ति को बंधक बनाकर रखा गया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर दिसपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरी टीम को हिरासत में ले लिया। हालांकि, दिसपुर पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया। दिसपुर पुलिस ने आरोपित पुलिसकर्मियों द्वारा पीड़ित से वसूली गई रकम भी बरामद करने का दावा किया।

वहीं दूसरी ओर इस संबंध में छत्तीसगढ़ पुलिस ने बताया है कि यह मामला रायपुर (छत्तीसगढ़) के टिकरापारा थाने में दर्ज डिजिटल अरेस्ट केस से जुड़ा है। मामले में टीआई रवींद्र यादव सहित एक एएसआई, एक हवलदार और अन्य पुलिसकर्मी गुवाहाटी गए थे। आरोप है कि रायपुर पुलिस ने पैसे लेकर आरोपितों को छोड़ दिया। असम पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस टीम पर गंभीर आरोप लगाए। गुवाहाटी पुलिस का दावा है कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने एक आरोपित को पकड़ने के बाद दो अन्य आरोपितों को कथित तौर पर पैसे लेकर छोड़ दिया। इसी आरोप में गुवाहाटी पुलिस ने चारों पुलिसकर्मियों को हिरासत में ले लिया।

रायपुर के पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल ने आज बताया है कि टीम गुवाहटी में आरोपितों को गिरफ्तार करने गई थी। टीम ने आरोपितों को हिरासत में लेकर उनसे ठगी गई रकम की रिकवरी शुरू की थी। रिकवरी रकम को घूस बताकर आरोपितों के रिश्तेदारों और मोहल्लेवालों ने पुलिसकर्मियों को घेरा और गुवाहटी पुलिस को सूचना दी। छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद करीब 24 घंटे बाद गुवाहाटी पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। पुलिस टीम अब गुवाहाटी से रायपुर के लिए रवाना हो गई है। घटना सोमवार को हुई थी। मंगलवार को बातचीत के बाद टीम वहां से रवाना हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश