असम में छठ पूजा का संध्या अर्घ्य श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न
गुवाहाटी, 15 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा का संध्या अर्घ्य रविवार को असम सहित देश के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी घाटों, तालाबों और अन्य जलाशयों के किनारे एकत्रित हुए और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हुई थी। पहले दिन व्रतियों ने स्नान कर शुद्धता और सात्विकता के साथ पारंपरिक भोजन ग्रहण किया। दूसरे दिन खरना के अवसर पर व्रतियों ने दिनभर उपवास रखा और शाम को भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर तथा पारंपरिक प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया।
रविवार को तीसरे दिन व्रतियों ने निर्जला उपवास रखते हुए जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती पारण कर अपना व्रत खोलेंगे।
पूरे आयोजन के दौरान छठ गीतों, पारंपरिक अनुष्ठानों और भक्तिमय माहौल से घाट गुलजार रहे।
गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे पांडु, मालीगांव, आजरा, धारापुर, मिर्जा, फैंसी बाजार, लाचित घाट, शुक्रेश्वर, भरलुमुख, उजान बाजार के साथ वशिष्ठ मंदिर, नूनमाटी सूनचाली के अलावा गुवाहाटी के अन्य जलाशयों के किनारे छठ व्रतियों ने आज भगवान सूर्य को सांध्या अर्घ्य दिया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

