ब्रह्मपुत्र के तट पर छठ पूजा में शामिल हुए मुख्यमंत्री सरमा
गुवाहाटी, 16 नवंबर। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार सुबह ब्रह्मपुत्र नदी के तट पर छठ पूजा के अवसर पर व्यापक पांडू-मालीगांव क्षेत्र में आयोजित दो पूजा कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने व्रतियों और श्रद्धालुओं के साथ उषा अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया और सूर्य देवता की पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि प्रकृति की जीवनदायिनी शक्तियों के सकारात्मक प्रभाव से समाज समृद्ध हो तथा सभी के जीवन में प्रकाश और खुशहाली आए।
एक अन्य संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने ब्रह्मपुत्र के तट पर व्रतियों के साथ उषा अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने छठी मैया से समाज पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना करते हुए कामना की कि सनातन धर्म के सभी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाए जाते रहें।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

