श्रद्धा और भक्ति के साथ व्रतधारियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
-छठ घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कोकराझार (असम), 15 नवम्बर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व सूर्य षष्ठी छठ पूजा के अवसर पर राज्य के सभी जिलों में रविवार को व्रतधारियों ने पूरे श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सौभाग्य की कामना की।
इस अवसर पर कोकराझार शहर सहित जिले के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दोपहर बाद से ही शहर के विभिन्न जलाशयों एवं छठ घाटों पर व्रतधारियों और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। पारंपरिक एवं आकर्षक परिधानों में सजे श्रद्धालु फल, फूल और पूजा सामग्री से भरे दउरा लेकर घाटों पर पहुंचे। इसके बाद व्रतधारियों ने जल में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और विधिवत पूजा-अर्चना की।
कोकराझार जिले के गौरांग घाट, फकीराग्राम के शिव मंदिर घाट सहित अन्य छठ घाटों को आकर्षक रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से भव्य रूप दिया गया था। विशेष रूप से फकीराग्राम और कोकराझार के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय भीड़ उमड़ी। पूरे क्षेत्र में छठी मैया के भक्ति गीतों और धार्मिक उत्साह से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस दौरान सूर्य षष्ठी छठ व्रत समिति के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक व्रतधारियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर लगातार सक्रिय रहे। घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि पूजा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
वहीं, कोकराझार पुलिस प्रशासन की ओर से भी पूरे जिले में छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। विभिन्न छठ घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई।
श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता के प्रतीक छठ महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही श्रद्धालु अब सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारियों में जुट गए हैं। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

