छठ महापर्व का दूसरा दिन आज, श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया खरना
कोकराझार (असम), 14 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दूसरे दिन आज शनिवार को खरना का पर्व पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। खरना के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व की धार्मिक अनुष्ठानिक प्रक्रिया और अधिक कठिन हो जाती है।
खरना के अवसर पर व्रतधारी पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं। शाम को स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करने के बाद घरों में विधि-विधान के साथ खरना पूजा की जाती है। इस दौरान भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हुए गुड़ से बनी खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाता है। व्रतधारी पूजा-अर्चना के बाद भगवान को भोग अर्पित कर प्रसाद ग्रहण करते हैं तथा परिवार के सदस्यों और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया जाता है।
खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतधारी लगभग 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का संकल्प लेते हैं। इसके बाद तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि चौथे और अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही छठ महापर्व का समापन होगा।
छठ महापर्व के दौरान घरों और पूजा घाटों पर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। लोक आस्था, पवित्रता, अनुशासन और पारिवारिक एकता का प्रतीक यह पर्व समाज में श्रद्धा और समर्पण का विशेष संदेश देता है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

