असमः जोराबाट में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया महापर्व छठ
गुवाहाटी, 15 नवंबर (हि.स.)। असम-मेघालय के सीमावर्ती इलाके जोराबाट स्थित श्री श्री भद्रकालेश्वरी मंदिर परिसर में श्रीश्री जोराबाट छठ सेवा समिति के तत्वावधान में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा का भव्य आयोजन किया गया।
पहले दिन व्रतियों ने पवित्र स्नान कर सात्विक भोजन (लौकी-भात) ग्रहण किया और व्रत की शुरुआत की। दूसरे दिन दिनभर निर्जला उपवास के बाद शाम को खीर और रोटी का प्रसाद अर्पित कर व्रतियों ने 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत आरंभ किया।
इसी कड़ी में आज तीसरे दिन संध्या अर्घ्य दिया। जोराबाट श्रीश्री भद्रकालेश्वरी मंदिर के घाट पर बड़ी संख्या में आज शाम श्रद्धालु एकत्रित होकर डूबते हुए सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किए। ज्ञात हो कल यानी सोमवार को सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने और छठी मैया की पूजा-अर्चना के साथ इस महापर्व का समापन होगा।
घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु घाट पर छठ महापर्व की पूजा अर्चना देखने के लिए पहुंचे । छठ समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र राय, महासचिव परमेश्वर पूरी और सचिव सागर शर्मा ने मंदिर परिसर में मौजूद रहते हुए महापर्व के सुचारू संपादन में पूरा सहयोग किया।
हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी

