उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ फकीराग्राम में छठ महापर्व संपन्न
कोकराझार (असम), 16 नवम्बर (हि.स.)। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को कोकराझार जिले के फकीराग्राम में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर फकीराग्राम के हेल नदी स्थित छठ घाट पर सुबह से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हल्की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं देखी गई।
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह लगभग चार बजे से ही व्रतियों के घाट पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार व्रतियों ने नदी के जल में खड़े होकर उदीयमान सूर्य की प्रतीक्षा की और सूर्योदय होते ही भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही व्रतियों ने लगातार 36 घंटे तक चले निर्जला उपवास का पारण कर चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान का समापन किया।
इससे पूर्व रविवार की शाम व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया था। इस दौरान महिला एवं पुरुष व्रतधारी नदी के पानी में काफी देर तक हाथ जोड़कर खड़े रहे और पूरी श्रद्धा के साथ सूर्य देव की आराधना की। छठ पूजा की पारंपरिक विधि के तहत घाटों पर कोशी भरने की रस्म भी निभाई गई। वहीं, अर्घ्य अर्पित करने के बाद सुहागिन महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य की कामना की और बड़ों से आशीर्वाद प्राप्त किया।
छठ पूजा को लेकर फकीराग्राम के हेल नदी स्थित छठ घाट सहित आसपास के रास्तों को आकर्षक विद्युत सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। घाटों की विशेष साज-सज्जा ने पूरे वातावरण को मनमोहक बना दिया था। पूजा समितियों की ओर से व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए थे। पूजा संपन्न होने के बाद छठ का प्रसाद ग्रहण करने के लिए भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखी गई। कई व्रती पारंपरिक दंडवत प्रणाम करते हुए छठ घाट तक पहुंचे, जो उनकी अटूट आस्था और श्रद्धा का प्रतीक रहा।
महापर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए थे। छठ घाटों तथा प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उल्लेखनीय है कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि लोक आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। फकीराग्राम में विभिन्न जाति, धर्म और समुदाय के लोगों की सहभागिता ने आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की सुंदर मिसाल पेश की। इस प्रकार लोक आस्था का महान पर्व छठ पूजा पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

